
शेयर बाजार: सेंसेक्स में 700 अंकों की तेजी, जानिए क्या है इस बढ़त की वजह
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (28 अप्रैल) तेजी देखने को मिल रही है।
बाजार खुलने की कुछ ही देर बाद आज सुबह सेंसेक्स 850 अंक बढ़कर 80,073 पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी 50 में भी 250 अंक की बढ़त हुई और यह 24,283 पर पहुंच गया।
सुबह 10:45 बजे सेंसेक्स 749 अंक और निफ्टी 206 अंक बढ़कर क्रमशः 79,962 और 24,245 पर थे। BSE मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी 1 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली।
वजह
भारत-पाक तनाव पर संयम
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद कूटनीतिक और रणनीतिक रूप से स्थिति को संभाला है।
शेयर बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार, भारत का शांतिपूर्ण और समझदारी से कदम उठाना, युद्ध जैसी प्रतिक्रिया से बचना, भारतीय बाजारों के लिए सकारात्मक संकेत बन गया है।
इस समय भारत-पाक तनाव पर अनिश्चितता है, लेकिन बाजार ने इसे कम करके आंका नहीं है और इस वजह से भारतीय शेयर बाजार में तेजी आई है।
संकेत
व्यापार युद्ध पर अनुकूल संकेत
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध की आशंका को लेकर हाल ही में सकारात्मक संकेत आए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच अनुकूल व्यापार समझौता हो सकता है। इस खबर से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिससे वैश्विक बाजारों में उत्साह पैदा हुआ है।
यह स्थिति भारतीय शेयर बाजार के लिए भी लाभकारी साबित हो रही है, जिससे बाजार में तेजी देखने को मिल रही है।
FPI
FPI की लगातार खरीदारी
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) ने 15 अप्रैल से भारतीय शेयरों में लगातार खरीदारी की है, जिससे बाजार की धारणा में सुधार हुआ है।
FPI की इस गतिविधि ने भारतीय बाजार को मजबूती दी है। पिछले आठ दिनों में 32,465 करोड़ रुपये तक की खरीदारी से बाजार में तेजी आई है।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी और डॉलर के कमजोर होने के कारण FPI की खरीदारी जारी रह सकती है, जिससे बाजार को आगे भी समर्थन मिलेगा।