शेयर बाजार: सेंसेक्स 4 कारोबारी दिनों में 2,700 अंक टूटा, क्या है लगातार गिरावट की वजहें?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (12 मई) फिर भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ देर बाद सेंसेक्स में 700 अंकों की गिरावट दर्ज हुई। सुबह 10:30 के करीब सेंसेक्स 680 अंक गिरकर 75,334 के स्तर पर आ गया, वहीं निफ्टी 182 अंक टूटकर 23,632 पर पहुंच गया। बीते चार कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में अब तक 2,700 अंकों की गिरावट आ चुकी है, जिससे निवेशकों को लगभग 11 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
#1
अमेरिका-ईरान तनाव से बढ़ी चिंता
शेयर बाजार में गिरावट की बड़ी वजह अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव है। दोनों देशों के बीच अब तक स्थायी समझौता नहीं हो पाया है, जिससे दुनिया भर के बाजारों में चिंता बढ़ गई है। इस तनाव का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिख रहा है। ब्रेंट क्रूड पिछले दो महीनों से 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है। तेल महंगा होने से महंगाई और आयात खर्च बढ़ने का डर निवेशकों को परेशान कर रहा है।
#2
कमजोर रुपये ने बढ़ाया दबाव
भारतीय रुपये में लगातार गिरावट भी बाजार पर भारी पड़ रही है। आज रुपया डॉलर के मुकाबले 35 पैसे टूटकर 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। साल की शुरुआत में रुपया करीब 90 के स्तर पर था, लेकिन अब तक इसमें 6 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। रुपये के कमजोर होने से विदेशी निवेशकों की चिंता बढ़ी है। इससे विदेशी पूंजी तेजी से बाहर जा रही है और शेयर बाजार पर दबाव बढ़ रहा है।
#3
विदेशी बिकवाली और डॉलर की मजबूती
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली भी बाजार गिरने की बड़ी वजह बनी हुई है। विदेशी निवेशक पिछले साल जुलाई से अब तक भारतीय बाजार से करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। सिर्फ मई महीने में ही करीब 19,500 करोड़ रुपये के शेयर बेचे गए हैं। दूसरी तरफ अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे निवेशक सुरक्षित निवेश की तरफ बढ़ रहे हैं, जिससे भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी देखने को मिल रही है।