LOADING...
डॉलर के मुकाबले फिर टूटा रुपया, 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा
डॉलर के मुकाबले फिर टूटा रुपया

डॉलर के मुकाबले फिर टूटा रुपया, 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा

May 12, 2026
10:20 am

क्या है खबर?

भारतीय रुपये में गिरावट का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। आज (12 मई) अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 35 पैसे टूटकर 95.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.57 पर खुला और बाद में और कमजोर हो गया। इससे पहले सोमवार को भी रुपया 79 पैसे गिरकर 95.28 पर बंद हुआ था। लगातार गिरावट के कारण बाजार में चिंता बढ़ गई है।

तेल

तेल की बढ़ती कीमतों से बढ़ा दबाव

मिडिल ईस्ट तनाव और कमजोर पड़ते संघर्ष विराम की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया है, जिससे भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों पर दबाव बढ़ रहा है। तेल महंगा होने से डॉलर की मांग बढ़ती है और रुपया कमजोर होता है। लगातार बढ़ते आयात बिल के कारण देश के व्यापार घाटे और विदेशी मुद्रा भंडार को लेकर भी चिंता बढ़ती जा रही है।

चिंता

अमेरिका-ईरान तनाव से बाजार चिंतित

अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में खास प्रगति नहीं होने से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा कि संघर्ष विराम बेहद कमजोर स्थिति में है। इसके बाद निवेशकों की चिंता और बढ़ गई। बाजार को डर है कि अगर तनाव और बढ़ा तो तेल की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशी निवेशकों की सतर्कता भी रुपये पर दबाव बनाए हुए है।

Advertisement

आशंका

आगे और गिर सकता है रुपया

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में रुपया और कमजोर हो सकता है। उनका कहना है कि अगर कच्चे तेल और सोने की कीमतों में तेजी जारी रही तो डॉलर की मांग और बढ़ेगी। कुछ जानकारों ने आशंका जताई है कि हालात ज्यादा खराब होने पर रुपया 96-97 के स्तर तक पहुंच सकता है। वहीं, अगर तेल 120 डॉलर प्रति बैरल तक गया, तो रुपया 100 प्रति डॉलर के स्तर तक भी कमजोर हो सकता है।

Advertisement