स्टरलाइट को मिले अनुबंध से शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचे
स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के शेयर ने 52 सप्ताह की नई ऊंचाई छू ली है। इसकी वजह कंपनी को एक ग्लोबल टेक दिग्गज से 1 अरब डॉलर (90 अरब रुपये) का एक बड़ा अनुबंध मिलना रहा है।
इस खबर से निवेशक खासे उत्साहित हैं, क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तेज इंटरनेट की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने अमेरिका में अपनी फैक्ट्रियों के विस्तार के लिए 10 करोड़ डॉलर (करीब 930 करोड़ रुपये) का निवेश करने का ऐलान किया है।
इसका मकसद AI डाटा सेंटर्स और अगली जनरेशन की कनेक्टिविटी से जुड़ी जरूरतों के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाना है।
विस्तार से 400-500 नौकरियां होंगी सृजित
स्टरलाइट के अमेरिका में होने वाले इस विस्तार से करीब 400 से 500 नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। यह विस्तार कंपनी को उन बड़े अमेरिकी ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगा, जो AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण घोषणा को मैरीलैंड में हुए सेलेक्टयूएसए इन्वेस्टमेंट समिट में किया गया। यह कदम ऑप्टिकल नेटवर्किंग के तेजी से बढ़ते क्षेत्र में स्टरलाइट की पकड़ को और मजबूत बनाएगा।