LOADING...
स्टैंडर्ड चार्टर्ड में बड़ी छंटनी की तैयारी, 7,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
स्टैंडर्ड चार्टर्ड में बड़ी छंटनी की तैयारी

स्टैंडर्ड चार्टर्ड में बड़ी छंटनी की तैयारी, 7,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी

May 19, 2026
03:14 pm

क्या है खबर?

लंदन स्थित स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है। बैंक 2030 तक दुनियाभर में 7,000 से ज्यादा नौकरियां खत्म कर सकता है। कंपनी ने बताया कि वह कामकाज में बड़े बदलाव करने जा रही है। बैंक का फोकस अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन और वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार पर रहेगा। इस योजना के तहत बैंक अपने सिस्टम को ज्यादा तेज, आधुनिक और कम खर्च वाला बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

वजह

क्या है छंटनी की वजह?

इस छंटनी की सबसे बड़ी वजह AI और ऑटोमेशन तकनीक को तेजी से अपनाना है। बैंक का कहना है कि कई बैक-ऑफिस और सपोर्ट से जुड़े काम अब मशीनों और स्मार्ट सिस्टम के जरिए किए जाएंगे। स्टैंडर्ड चार्टर्ड के CEO बिल विंटर्स ने कहा कि यह सिर्फ खर्च घटाने की कोशिश नहीं है, बल्कि बैंक कुछ कम मूल्य वाले मानव कार्यों को नई तकनीक और निवेश आधारित सिस्टम से बदल रहा है।

असर

बैक-ऑफिस कर्मचारियों पर पड़ेगा असर

इस फैसले का सबसे ज्यादा असर बैंक के कॉर्पोरेट और सपोर्ट विभागों पर पड़ने की उम्मीद है। जून, 2025 तक इन विभागों में करीब 51,000 कर्मचारी काम कर रहे थे। बैंक ने बताया कि वह इन रोल्स में 15 प्रतिशत से ज्यादा कटौती करेगा। इससे हजारों कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, बैंक अब AI आधारित सिस्टम और नई तकनीकों पर ज्यादा निवेश कर रहा है। इससे लंबे समय में काम की रफ्तार और मुनाफा दोनों बेहतर होंगे।

Advertisement

कारोबार

वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार पर बढ़ेगा फोकस

स्टैंडर्ड चार्टर्ड अब वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार को तेजी से बढ़ाने की तैयारी में है। बैंक ने बताया कि पहली तिमाही में उसे इस क्षेत्र से रिकॉर्ड आय हुई है और नए ग्राहकों से भी बड़ा निवेश मिला है। कंपनी अब अमीर ग्राहकों और हाई-वैल्यू बैंकिंग सेवाओं पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। बैंक का कहना है कि उसका नया ढांचा पहले से ज्यादा फोकस्ड, तेज और कुशल होगा, जिससे आने वाले वर्षों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Advertisement