SS रिटेल के शेयरों का आज होगा आवंटन, 35 फीसदी मुनाफे का अनुमान
SS रिटेल के आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) का आवंटन सोमवार (21 सितंबर) को होने की उम्मीद है। 500 करोड़ रुपये की इस पेशकश को जबरदस्त मांग मिली थी। यह 103.30 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ। अगर आपने इस IPO के लिए आवेदन किया था तो आप अपना स्टेटस ऑनलाइन केफिन टेक्नोलॉजीज, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) या नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
इन शेयरों की लिस्टिंग 23 सितंबर को होनी है। अभी ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम 147 रुपये चल रहा है, जिससे शुरुआती संकेत मिल रहे हैं कि लिस्टिंग पर करीब 35 फीसदी का फायदा हो सकता है।
जुटाए गए फंड से करेगी स्टोर्स का विस्तार
कंपनी जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल नए स्टोर खोलने और रोजमर्रा के बिजनेस खर्चों को पूरा करने के लिए करेगी। SS रिटेल तेजी से तरक्की कर रही है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कमाई में 47 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, वहीं टैक्स चुकाने के बाद उसका मुनाफा 49 फीसदी बढ़ा।
2016 में शुरू हुई इस कंपनी के अब पूरे भारत में 500 से ज्यादा स्टोर हैं। यह देश की शीर्ष मोबाइल खुदरा श्रृंखला में से एक है। खासकर महाराष्ट्र में इसकी पकड़ बहुत मजबूत है।