स्क्वायर यार्ड्स ला रही करीब 2,800 करोड़ रुपये तक का IPO
गुरूग्राम की रियल एस्टेट टेक कंपनी स्क्वायर यार्ड्स एक बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है। मार्च, 2027 तक कंपनी 20 से 30 करोड़ डॉलर (करीब 1,800-2,800 करोड़ रुपये) का IPO लाने की योजना बना रही है।
इसका मकसद कंपनी का मूल्यांकन 2 अरब डॉलर (करीब 180 अरब रुपये) तक पहुंचाना है। इस IPO में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ कुछ मौजूदा निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। एक्सिस कैपिटल और जेपी मॉर्गन जैसे जाने-माने वित्तीय संस्थान इस पूरी प्रक्रिया को संभाल रहे हैं।
IPO से पहले जुटाए 900 करोड़ रुपये
स्क्वायर यार्ड्स ने हाल ही में 900 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई थी। इसके बाद कंपनी का मूल्यांकन एक अरब डॉलर (करीब 90 अरब रुपये) तक पहुंच गया था।
कंपनी इस नई पूंजी का इस्तेमाल अपनी टेक्नोलॉजी बेहतर करने और कारोबार को फैलाने में करेगी। पिछले वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कमाई 48 फीसदी बढ़कर 2,086 करोड़ रुपये तक पहुंच गई और उनका मुनाफा (EBITDA) भी लगभग 4 गुना बढ़ गया। स्क्वायर यार्ड्स की पहचान सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों में भी अपनी सेवाएं दे रही है।
भविष्य में और फंडिंग मिलने की उम्मीद से कंपनी एनारॉक और प्रॉपटाइगर जैसे बड़े दिग्गजों के मुकाबले बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत कर रही है।