स्पिनी ला रही 3,000 करोड़ रुपये का IPO, SEBI की मंजूरी का इंतजार
यूज्ड कार बिक्री प्लेटफार्म स्पिनी ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) के लिए आवेदन दाखिल किया है। इसका मकसद 3,000 करोड़ रुपये तक जुटाना है। अगर, कंपनी को मंजूरी मिल जाती है तो 2027 में इसके शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएंगे।
कोटक महिंद्रा कैपिटल, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया, मॉर्गन स्टेनली इंडिया और 360 वन WAM को बुक रनिंग लीड मैनेजर्स के तौर पर नियुक्त किया गया है।
वित्त वर्ष 2026 में राजस्व 6,000 करोड़ रुपये पहुंचा
2015 में शुरू हुआ स्पिनी प्लेटफॉर्म बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। पिछले साल इसका राजस्व 25 फीसदी बढ़कर 4,657 करोड़ रुपये हो गया था। वित्त वर्ष 2026 में इसका कुल राजस्व लगभग 6,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में इसमें 25-30 फीसदी की और बढ़ोतरी होगी।
कंपनी 25 शहरों में काम कर रही है और हर महीने करीब 15,000 कारें बेचती है। इसमें फाइनेंसिंग और इंश्योरेंस जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी शामिल हैं।
ट्रूबिल और गोमैकेनिक जैसे रणनीतिक अधिग्रहणों ने भी इसकी तरक्की में खूब मदद की है। टाइगर ग्लोबल और एक्सेल जैसे निवेशकों से स्पिनी ने अब तक 78 करोड़ डॉलर (लगभग 6,500 करोड़ रुपये) जुटाए हैं।