एलन मस्क की स्पेस-X को अमेरिकी रक्षा क्षेत्र में मिला एक बड़ा अनुबंध
अमेरिकी स्पेस फोर्स ने एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X को 2.29 अरब डॉलर (करीब 210 अरब रुपये) का एक बड़ा अनुबंध दिया है। इस समझौते के तहत कंपनी स्पेस डाटा नेटवर्क (SDN) बैकबोन बनाएगा।
यह एक सुरक्षित और तेज सैटेलाइट सिस्टम होगा, जो दुनियाभर में सैन्य सेंसर और हथियारों को आपस में जोड़ेगा। इसका लक्ष्य 2027 के आखिर तक एक ऐसा प्रोटोटाइप तैयार करना है, जो काम कर सके।
इसकी मदद से मिसाइल अलर्ट सिस्टम और इंटरसेप्टर्स तुरंत डाटा एक-दूसरे से साझा कर पाएंगे। यह 'गोल्डन डोम' मिसाइल रक्षा कार्यक्रम का एक अहम हिस्सा है, जिसे ट्रंप प्रशासन ने शुरू किया था।
DoD नेटवर्क को जोड़ेगा SDN
SDN बैकबोन तेज और भरोसेमंद कनेक्टिविटी के लिए कई लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट का उपयोग करेगा। यह रक्षा विभाग (DoD) के अहम मिशनों में सहायता करने के लिए दूसरे सैन्य नेटवर्क से भी जुड़ेगा।
कर्नल रयान फ्रेजियर ने कहा कि यह थल सैनिकों के लिए व्यावसायिक नवाचारों का बेहतरीन इस्तेमाल करने का तरीका है। इस नेटवर्क की क्षमता को और बढ़ाने के लिए जल्द ही कई अन्य कॉन्ट्रैक्टर भी जुड़ेंगे।