स्पेस-X ने IPO के लिए 135 डॉलर प्रति शेयर कीमत का रखा लक्ष्य- रिपोर्ट
क्या है खबर?
स्पेस-X दुनिया के सबसे बड़े IPO में से एक लाने की तैयारी कर रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अपने शेयर 135 डॉलर (लगभग 13,000 रुपये) प्रति शेयर के भाव पर बेचने की योजना बना रही है। इस पेशकश के जरिए करीब 55.56 करोड़ शेयर बाजार में लाए जा सकते हैं। कंपनी का लक्ष्य 75 अरब डॉलर (लगभग 7,100 अरब रुपये) जुटाना है। इस समय कई बड़ी तकनीकी कंपनियां भी बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
लक्ष्य
1.75 लाख करोड़ डॉलर मूल्यांकन का लक्ष्य
स्पेस-X करीब 1.75 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 170 लाख करोड़ रुपये) मूल्यांकन का लक्ष्य रख रही है। कंपनी का रोड शो इस सप्ताह शुरू होने वाला है, जिसमें संभावित निवेशकों को कंपनी की योजनाओं और भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी दी जाएगी। आमतौर पर IPO की अंतिम कीमत लिस्टिंग से ठीक पहले तय होती है, लेकिन शुरुआती संकेत बताते हैं कि स्पेस-X अपने बड़े आकार और लोकप्रियता के कारण निवेशकों का मजबूत समर्थन हासिल कर सकती है।
मौका
खुदरा निवेशकों को भी मिल सकता है मौका
रिपोर्ट के अनुसार, स्पेस-X अपने IPO का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए रखने पर विचार कर रही है। यह सामान्य IPO की तुलना में काफी बड़ा हिस्सा माना जाता है। वहीं एलन मस्क को IPO के बाद करीब 366 दिनों तक अपने शेयर होल्ड रखने होंगे। इससे निवेशकों को यह संकेत मिलेगा कि कंपनी के प्रमुख शेयरधारक निकट भविष्य में अपनी हिस्सेदारी बेचने की योजना नहीं बना रहे हैं।
अन्य
AI और स्टारलिंक पर टिकी विकास की उम्मीद
स्पेस-X की भविष्य की वृद्धि को उसके स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार और AI से जुड़ी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। कंपनी इस साल की शुरुआत में मस्क के AI स्टार्टअप xAI के साथ विलय भी कर चुकी है। विश्लेषकों का मानना है कि स्टारलिंक कंपनी की आय का बड़ा स्रोत बना हुआ है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि स्पेस-X का ऊंचा मूल्यांकन उन भविष्य की तकनीकों और बाजारों पर आधारित है, जिनका विकास अभी जारी है।