स्पेस-X ने IPO का लक्ष्य घटाया, करीब 7,000 अरब रुपये जुटाने की तैयारी
स्पेस-X ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के मूल्यांकन का लक्ष्य कम कर दिया है। पहले यह 2,000 अरब डॉलर (करीब 1.8 लाख अरब रुपये) से ज्यादा था, अब इसे घटाकर कम से कम 1,800 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) किया गया है।
हालांकि, कंपनी अभी भी 75 अरब डॉलर (करीब 7,000 अरब रुपये) जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जो अब तक का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। यह बदलाव सलाहकारों और निवेशकों की प्रतिक्रिया के बाद हुआ है।
रोडशो 4 जून से होगा शुरू
IPO की मार्केटिंग 4 जून से शुरू होगी और 11 जून तक इसके शेयर की कीमत तय होने की उम्मीद है। हालांकि, इसमें थोड़ी देरी भी हो सकती है। गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली जैसे बड़े बैंक इस पूरी प्रक्रिया को संभाल रहे हैं। नैस्डैक पर शेयर SPCX नाम से लिस्ट होंगे।
आर्थिक मोर्चे पर देखें तो स्पेस-X का राजस्व 2024 में 14 अरब डॉलर (करीब 1,300 अरब रुपये) से बढ़कर 2025 में 18.7 अरब डॉलर (करीब 1,700 अरब रुपये) हो गया है, जबकि पिछले साल कंपनी को करीब 5 अरब डॉलर (करीब 450 अरब रुपये) का नुकसान उठाना पड़ा था।
रॉकेट और सैटेलाइट के कारोबार के अलावा, एलन मस्क की कंपनी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) संचालित इंफ्रास्ट्रक्चर में भी संभावनाएं तलाश रही है।