दक्षिण कोरिया ने एक महीने में किया करीब 9,500 अरब रुपये का रिकॉर्ड निर्यात
दक्षिण कोरिया ने जून में 102.25 अरब डॉलर (करीब 9,500 अरब रुपये) का रिकॉर्ड निर्यात करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह पिछले साल के मुकाबले 70.9 फीसदी की जबरदस्त बढ़त है, जो 1978 के बाद सबसे तेज ग्रोथ है।
इस प्रदर्शन के साथ दक्षिण कोरिया अब जर्मनी, चीन और अमेरिका जैसे देशों की उस खास सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने एक महीने में 100 अरब डॉलर (करीब 9,000 अरब रुपये) से ज्यादा का निर्यात किया है। इस रिकॉर्ड तोड़ निर्यात का सबसे बड़ा श्रेय सेमीकंडक्टर्स को जाता है क्योंकि पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मांग तेजी से बढ़ी है।
सेमीकंडक्टर निर्यात का आधा हिस्सा
निर्यात में सेमीकंडक्टर्स की ही प्रमुख भूमिका रही, जो कुल निर्यात का लगभग आधा हिस्सा थे। इनकी बिक्री में लगभग 200 फीसदी की उछाल दर्ज की गई, वहीं कंप्यूटर से जुड़े उत्पादों की बिक्री में 300 फीसदी से भी ज्यादा की भारी बढ़त देखी गई।
स्टील और पेट्रोलियम उत्पाद भी अच्छी वापसी करते दिखे। चीन को होने वाले निर्यात में दक्षिण कोरिया ने 90 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हासिल की, जबकि अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) में भी निर्यात में अच्छी बढ़त हुई है।
जून में आयात 30.1 फीसदी बढ़ने के बावजूद दक्षिण कोरिया ने यह महीना 36.15 अरब डॉलर (करीब 3,300 अरब रुपये) के रिकॉर्ड ट्रेड सरप्लस के साथ खत्म किया। यह सब सरकार के AI चिप्स के उत्पादन पर दिए जा रहे खास जोर की वजह से मुमकिन हो पाया है।