सोलर इंडस्ट्रीज ने करीब 13,000 करोड़ रुपये में खरीदी ओमनिया होल्डिंग्स
सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका की ओमनिया होल्डिंग्स को खरीदने के लिए एक बड़ा सौदा किया है। यह सौदा 12,951 करोड़ रुपये का है। इस समझौते पर 14 सितंबर को हस्ताक्षर हुए।
सोलर इंडस्ट्रीज इस खरीद से कमर्शियल एक्सप्लोसिव और ब्लास्टिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनियाभर में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
इस अधिग्रहण का जिम्मा सोलर SA इंवेस्टमेंट्स प्रोप्रायटरी लिमिटेड और सोलर ओवरसीज मॉरीशस लिमिटेड ने उठाया है। ये दोनों ही सोलर इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां हैं।
ओमनिया होल्डिंग्स होगी डीलिस्ट
यह अधिग्रहण 2027 की शुरुआत या मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद ओमनिया को जोहान्सबर्ग स्टॉक एक्सचेंज से डीलिस्ट कर दिया जाएगा।
यह खबर ऐसे वक्त में आई है, जब सोलर इंडस्ट्रीज पहले से ही शानदार प्रदर्शन कर रही है। पिछली तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुना हो गया था और आय में भी 71.2 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हाल ही में शेयर में मामूली गिरावट भले आई हो, लेकिन पिछले 6 महीनों में इसके शेयर करीब 60 फीसदी तक चढ़ चुके हैं। इससे साफ है कि निवेशक कंपनी के इन बड़े कदमों पर काफी भरोसा जता रहे हैं।