स्मार्टफोन का निर्यात पहली छमाही में 5 साल में सबसे कम
भारत में स्मार्टफोन का निर्यात 2026 की दूसरी तिमाही (Q2) में पिछले साल के मुकाबले 11.1 फीसदी घट गई है। इस साल की पहली छमाही में हुए स्मार्टफोन शिपमेंट पिछले 5 सालों में सबसे कम रहे हैं।
दरअसल, फोन की कीमतें बढ़कर अब औसतन 315 डाॅलर (करीब 30,000 रुपये) तक पहुंच गई हैं। साथ ही, मेमोरी और दूसरे हिस्सों के दाम भी बढ़े हैं, जिसकी वजह से लोग नया फोन खरीदने से बच रहे हैं। इन्हीं कारणों से साल की पहली छमाही में कुल शिपमेंट 7.9 फीसदी कम दर्ज की गई है।
चीनी बजट फोंस की बिक्री में गिरावट
भारत के बाजार में बजट स्मार्टफोन पर ध्यान देने वाली वीवो, ओप्पो, शाओमी और रियलमी जैसी चीनी कंपनियों के शिपमेंट में 2 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।
इनमें iQOO सबसे ज्यादा प्रभावित हुई, जिसकी बिक्री 61 फीसदी तक लुढ़क गई, वहीं इसके ठीक उलट सैमसंग और ऐपल ने बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है।
100 डाॅलर (करीब 9,000 रुपये) से कम कीमत वाले सस्ते फोन की बिक्री भी 74.3 फीसदी तक नीचे आ गई है, जबकि 400 से 600 डाॅलर (करीब 38,000-57,000 रुपये) के बीच के मिड-रेंज फोन की मांग बढ़ी है। ऑफलाइन स्टोर्स भी अब वापसी कर रहे हैं, जिनकी कुल शिपमेंट में आधे से ज्यादा की भागीदारी हो गई है। IDC का अनुमान है कि इस साल के बचे हुए समय में भी शिपमेंट में और गिरावट आ सकती है।