सिग्मा को रोलर-कोयस से मिला 1,600 करोड़ रुपये का अनुबंध
भारतीय रक्षा और एयरोस्पेस कंपनी सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स ने दिग्गज कंपनी रोलर-कोयस के साथ 1,600 करोड़ रुपये का एक बड़ा अनुबंध हासिल किया है।
सिग्मा की यूनाइटेड किंगडम (UK) स्थित शाखा ब्रोमफोर्ड प्रिसिजन सॉल्यूशंस अब रोलर-कोयस के लिए एयरो-इंजन के मुख्य पुर्जे बनाएगी। इनमें रिंग्स, कैसिंग्स और लॉक प्लेट्स जैसे हिस्से शामिल हैं।
यह नया सौदा उनकी पहले की 30 करोड़ पाउंड (करीब 3,900 करोड़ रुपये) की साझेदारी को और मजबूत करेगा।
ब्रोमफोर्ड को 153 करोड़ रुपये में खरीदा
सिग्मा ने जुलाई में 153 करोड़ रुपये में ब्रोमफोर्ड का अधिग्रहण किया था और इसी के बाद यह बड़ा करार हुआ है। ब्रोमफोर्ड अपने उच्च-सटीकता वाले काम के लिए मशहूर है और रोलर-कोयस, सीमेंस जैसी बड़ी कंपनियां भी इस पर भरोसा करती हैं। इस अधिग्रहण से कंपनी के इंजीनियरिंग कौशल में बढ़ोतरी हुई है और UK में उसका विनिर्माण आधार भी मजबूत हुआ है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील कुमार कालीदिंडी का कहना है कि यह सौदा साफ दर्शाता है कि भारत अब एयरोस्पेस के क्षेत्र में अपनी गुणवत्ता के लिए जाना जा रहा है। इससे ब्रोमफोर्ड के UK स्थित प्लांट में नौकरियां सुरक्षित रहेंगी और भारत के रक्षा क्षेत्र को भी नई मजबूती मिलेगी।