शीन ने लाॅन्च किया हांगकांग का सबसे बड़ा IPO, करीब 165 अरब रुपये जुटाने का लक्ष्य
पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुके फास्ट-फैशन ब्रांड शीन ने हांगकांग में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने 28 करोड़ शेयर बेचकर लगभग 1.77 अरब डॉलर (करीब 165 अरब रुपये) जुटाने का लक्ष्य रखा है, जिससे इसका कुल मूल्यांकन 27 अरब डॉलर (करीब 2,500 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
भले ही यह 2022 में कंपनी के 98.2 अरब डॉलर (करीब 9,300 अरब रुपये) के उच्चतम मूल्यांकन से काफी कम है, फिर भी शीन के लिए यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है।
अंतिम शेयर मूल्य 31 अगस्त को घोषित होगा
शेयरों के अंतिम मूल्य का ऐलान 31 अगस्त को होगा और इनकी ट्रेडिंग 1 सितंबर से शुरू हो जाएगी। शीन इस IPO से मिलने वाले पैसे का बड़ा हिस्सा करीब 80 फीसदी अपनी तकनीक को बेहतर बनाने और दुनियाभर में अपने कारोबार का विस्तार करने में लगाना चाहती है।
कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों बायू, टाइगर ग्लोबल और जनरल अटलांटिक के नेतृत्व में कई प्रमुख निवेशकों ने लगभग 38.30 करोड़ डॉलर (करीब 3,600 करोड़ रुपये) के शेयर खरीदने की सहमति दी है। टेनसेंट भी इन शेयरों को खरीदेगी।
यह इस साल हांगकांग का सबसे बड़ा IPO है और ऐसे वक्त में आया है, जब शीन की विकास दर धीमी पड़ रही है और उसके खर्चे भी लगातार बढ़ रहे हैं।