सेलास लाइफ साइंसेज के लिए शेयर बाजार में बुधवार (18 नवंबर) का दिन बहुत बड़ा रहा है। कंपनी के शेयरों में 156 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह खबर आने के बाद हुआ कि उसकी प्रयोगात्मक कैंसर वैक्सीन गैलिनपेपिमट-S (GPS) के ट्रायल के नतीजे अच्छे रहे हैं।
ट्रायल में पता चला कि यह वैक्सीन एक गंभीर ब्लड कैंसर एक्यूट मायलॉयड ल्यूकेमिया (AML) के मरीजों की जिंदगी बढ़ाने में काफी असरदार है।
इसने मरीजों की मौत का खतरा 41 प्रतिशत तक कम कर दिया। जिन मरीजों को यह वैक्सीन दी गई, वे औसतन 24 महीने तक जीवित रहे, जबकि सामान्य इलाज कराने वाले मरीज 15 महीने से भी कम जी पाए थे।
विश्लेषक कंपनी के भविष्य को लेकर उत्साहित
गैलिनपेपिमट-S उस WT1 नाम के प्रोटीन पर काम करती है, जो इस तरह के ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) के ज्यादातर मामलों में पाया जाता है।
हालांकि, सेलास ने 15 करोड़ डॉलर (करीब 1,400 करोड़ रुपये) के शेयर बेचने का ऐलान किया, जिससे बाजार बंद होने के बाद इसके शेयरों में थोड़ी गिरावट आई, फिर भी विश्लेषक कंपनी के भविष्य को लेकर काफी सकारात्मक हैं।
अलायंस ग्लोबल पार्टनर्स के जेम्स मॉलॉय ने कहा कि ये नतीजे दर्शाते हैं कि कैंसर वैक्सीन वाकई इलाज का एक महत्वपूर्ण तरीका बन सकती हैं। हालांकि, कुछ निवेशक अभी भी इस मामले में एहतियात बरत रहे हैं।