अनंत अंबानी बने रिलायंस के कार्यकारी निदेशक, शेयरधारकों ने किया समर्थन
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी को कंपनी के शेयरधारकों ने पूर्णकालिक कार्यकारी निदेशक बनाने के लिए भारी बहुमत से मंजूरी दे दी है।
उनके पक्ष में 94.4 फीसदी शेयरधारकों ने वोट किया है। अनंत अंबानी का 5 साल का कार्यकाल 1 मई, 2025 से शुरू होगा। इससे पहले वह बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
वंतारा प्रोजेक्ट है उनकी खास उपलब्धि
अनंत अंबानी ने ब्राउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की है। जानवरों के कल्याण और उनकी मदद के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए उन्हें ग्लोबल ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड से भी नवाजा गया है।
वह जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस रिटेल वेंचर्स से भी जुड़े रहे हैं। हालांकि, उनका सबसे उल्लेखनीय काम वंतारा प्रोजेक्ट है, जो गुजरात में जानवरों के लिए शुरू किया गया एक बहुत बड़ा संरक्षण प्रोजेक्ट है।
प्रॉक्सी एडवाइजर्स ने जताई चिंता
इस फैसले को लेकर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। कुछ प्रॉक्सी एडवाइजरी कंपनियां अनंत अंबानी की उम्र और उनके अनुभव को लेकर चिंता जता रही हैं।
हालांकि, कुछ लोग यह तर्क भी दे रहे हैं कि उनके भाई आकाश अंबानी और बहन ईशा अंबानी भी लगभग इसी तरह की पृष्ठभूमि के साथ रिलायंस में आए थे। आज वे दोनों कंपनी में अहम भूमिकाओं में सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं।