
शेयर बाजार में करीब 400 अंक ऊपर चढ़ा सेंसेक्स, जानिए क्या है तेजी का कारण
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (3 जुलाई) तेजी देखने को मिल रही है। आज बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स 383 अंक बढ़कर 83,793.30 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 110 अंक चढ़कर 25,563.70 पर रहा। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अपोलो हॉस्पिटल्स, मारुति सुजुकी और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में 2 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई, जिससे बाजार में सकारात्मक रुख बना रहा।
वजह
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीद से बाजार में जोश
भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने बाजार को मजबूती दी है। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों देश अगले 48 घंटों में अंतरिम व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। इससे निवेशकों में भरोसा बढ़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा वियतनाम के साथ समझौते की घोषणा के बाद भारत के लिए भी व्यापार नियमों में नरमी की आशा जगी है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस समझौते से बाजार को नई दिशा मिल सकती है।
अन्य वजह
वैश्विक संकेत और कच्चे तेल की कीमत में गिरावट का असर
एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी भारतीय बाजार को सहारा दिया है। जापान, कोरिया और चीन के बाजार हरे निशान में दिखे, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। वहीं, ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर 68.58 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जो भारत जैसे तेल आयातक देश के लिए राहतभरी खबर है। तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी अगर 25,588 के ऊपर बंद होता है तो इसमें आगे और तेजी आ सकती है।