SFO टेक्नोलॉजीज कोच्चि में स्मार्ट IOPS के साथ मिलकर बनाएगी AI स्टोरेज हार्डवेयर
SFO टेक्नोलॉजीज (नेस्ट ग्रुप का हिस्सा) अमेरिका की स्मार्ट IOPS कंपनी के साथ साझेदारी कर रही है। यह साझेदारी कोच्चि में हाई-परफॉर्मेंस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टोरेज हार्डवेयर बनाने के लिए हुई है। इसके लिए स्मार्ट IOPS की ट्रू-रैंडम तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
इससे AI, डाटा सेंटर्स और सुपरकंप्यूटर्स के लिए एडवांस्ड SSDs तैयार किए जाएंगे। यह भारत को अपनी अत्याधुनिक तकनीक के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ाएगा।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की पहचान होगी मजबूत
यह साझेदारी सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देती है। नेस्ट ग्रुप के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एन जहांगीर का कहना है कि यह बुनियादी असेंबली से आगे बढ़कर असली हाई-प्रेसिजन मैन्युफैक्चरिंग की तरफ एक बड़ी छलांग है।
दूसरी तरफ, स्मार्ट IOPS के सह संस्थापक राधाकृष्णन नायर ने बताया कि कोच्चि में कोर AI हार्डवेयर का निर्माण यह दर्शाता है कि भारत वैश्विक तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह सक्षम है। इससे सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की पहचान और मजबूत होगी, जिससे पूरी दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ेगा।