SII ने योटा डाटा सर्विसेज में किया 250 करोड़ रुपये का निवेश
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने योटा डाटा सर्विसेज में 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे कंपनी अपने ताजा फंडिंग राउंड में कुल 1,396 करोड़ रुपये जुटाने में कामयाब रही।
इस फंडिंग के बाद उसका मूल्यांकन अब लगभग 37,000 करोड़ रुपये हो गया है। इस निवेश दौर में डोवेटेल फाइनेंशियल सर्विसेज और आसियो फंड VCC जैसे दूसरे निवेशक भी शामिल थे।
अगले साल मार्च में IPO लाने की योजना
योटा ने मई से अब तक 32.50 करोड़ डॉलर (करीब 3,000 करोड़ रुपये) जुटाए हैं, जिसमें उसकी मूल कंपनी निदार इंफ्रास्ट्रक्चर का निवेश भी शामिल है।
डोवेटेल के साथ हुए करार में यह शर्त रखी गई है कि अगर, कंपनी आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) जैसे किसी मॉनेटाइजेशन इवेंट से कमाई नहीं कर पाती है तो उसे 17 फीसदी सालाना रिटर्न मिलेगा।
योटा की मार्च, 2027 तक अपना IPO लाने की योजना है और वह इसके जरिए 1.5 अरब डॉलर (करीब 140 अरब रुपये) जुटाना चाहती है।
यह सब ऐसे समय हो रहा है, जब भारत में डाटा सेंटर का बाजार गरमा रहा है। टाटा संस, रिलायंस और अडाणी जैसी बड़ी कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में अरबों डॉलर का निवेश कर रही हैं, जिसकी वजह से डाटा सेंटर इस वक्त बहुत अहम सेक्टर बन गया है।