OpenAI और माइक्रोसॉफ्ट पर AI ट्रेनिंग के लिए खबरें चोरी करने का आरोप
सिएटल टाइम्स और न्यूजडे ने OpenAI और माइक्रोसॉफ्ट पर मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि उनकी खबरों का इस्तेमाल बिना अनुमति के ChatGPT और कोपायलट जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल बनाने के लिए किया गया।
इन समाचार पत्रों का कहना है कि ये AI टूल उनके कंटेंट को हूबहू या उससे मिलते-जुलते कंटेंट के तौर पर दिखा सकते हैं, जिससे उनकी वेबसाइट पर आने वाले पाठकों और सब्सक्रिप्शन को नुकसान होता है।
समाचार पत्रों ने की यह मांग
समाचार पत्र चाहते हैं कि उनके कंटेंट का उपयोग करने वाले सभी AI मॉडल या डेटासेट को खत्म कर दिया जाए। सिएटल टाइम्स के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन फिस्को ने कहा, "हमारा दृढ़ता से मानना है कि हमें अपने कंटेंट का बचाव करना चाहिए, जिसे तैयार करने में हम हर साल लाखों डॉलर खर्च करते हैं। इसे हमारी सहमति या बिना किसी भुगतान के इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।"
OpenAI ने दावा किया है कि वह अपनी ट्रेनिंग में सार्वजनिक डाटा का इस्तेमाल 'फेयर यूज' के सिद्धांत के तहत करता है, लेकिन उसने इस खास शिकायत पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की।
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि उन्हें इस मुकदमे से हैरानी हुई है,लेकिन वे इसका समाधान खोजने के लिए तैयार हैं और अभी भी स्थानीय पत्रकारिता का समर्थन करते हैं।
2023 में न्यूयॉर्क टाइम्स ने किया था मुकदमा
यह मामला ऐसे ही एक मुकदमे के बाद सामने आया है, जिसे 2023 में द न्यूयॉर्क टाइम्स ने दायर किया था। अब और भी कई पब्लिशर्स टेक कंपनियों पर अपने कॉपीराइट कंटेंट का बिना अनुमति लिए इस्तेमाल करने को लेकर विरोध जता रहे हैं।