SBI फंड्स का 11,600 करोड़ रुपये का IPO 14 जुलाई को होगा लॉन्च
देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) फंड्स मैनेजमेंट अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 14 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खोल रही है।
कंपनी का लक्ष्य इस IPO के जरिए 11,600 करोड़ रुपये जुटाना है। आप 17 जुलाई तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इन शेयरों का आवंटन 17 जुलाई को किया जाएगा और 21 जुलाई को ये बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे।
शेयर की कीमत 545 से 574 रुपये के बीच तय
शेयरों की कीमत 545 से 574 रुपये के बीच तय की गई है। यह IPO पूरी तरह से बिक्री के लिए पेश किया गया है। इसमें SBI और अमुंडी इंडिया होल्डिंग अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकल रहे हैं। SBI अपने 12.83 करोड़ शेयर बेच रहा है, जबकि अमुंडी इंडिया होल्डिंग 7.54 करोड़ शेयर बेच रही है।
ऊपरी कीमत पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। IPO आने से पहले ही SBI ने बड़े निवेशकों से 1,655 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। ये शेयर सबसे ऊंचे प्राइस बैंड पर बेचे गए थे। ग्रे मार्केट में इसके शेयर 108 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं, जिससे उम्मीद है कि अगर, बाजार में मांग बनी रहती है तो लिस्टिंग के दिन निवेशकों को अच्छा मुनाफा हो सकता है।