माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला का वेतन 900 करोड़ रुपये के पार पहुंचा
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला को बड़ी वेतन वृद्धि मिली है। वित्तीय वर्ष 2025 में उनका कुल वेतन करीब 9.65 करोड़ डॉलर (करीब 915 करोड़ रुपये) तक पहुंच गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष से 22 फीसदी ज्यादा है। इस वेतन का ज्यादातर हिस्सा स्टॉक अवार्ड, कैश बोनस और मूल वेतन से आता है।
यह बड़ी उछाल माइक्रोसॉफ्ट के शानदार प्रदर्शन को साफ दिखाती है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड तकनीक मुख्य भूमिका में हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के प्रदर्शन पर निर्भर है वेतन
नाडेला के कुल वेतन का 95 फीसदी से भी ज्यादा हिस्सा माइक्रोसॉफ्ट के प्रदर्शन से जुड़ा है। इसमें से एक बड़ा हिस्सा क्लाउड राजस्व और एज्योर की बढ़त से तय होता है।
वित्तीय वर्ष 2025 में माइक्रोसॉफ्ट का राजस्व 15 फीसदी बढ़ा, ऑपरेटिंग आय में 17 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और क्लाउड बिक्री 23 फीसदी उछल गई।
अकेले एज्योर की बढ़त 34 फीसदी रही, जो वाकई प्रभावशाली है। यह साफ बताता है कि कंपनी अपने तकनीकी भविष्य पर कितना बड़ा दांव लगा रही है।