IRCTC को नवरत्न का ताज दिलाने वाले CMD ने दिया इस्तीफा
फरवरी, 2024 से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (CMD) का पद संभाल रहे संजय कुमार जैन ने इस्तीफा दे दिया है।
रेल मंत्रालय ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है और यह 20 जुलाई से लागू होगा। जैन ने बताया है कि वह निजी कारणों से पद छोड़ रहे हैं।
IRCTC ने की रिकॉर्ड 5,215 करोड़ रुपये की कमाई
जैन के 2 साल के कार्यकाल में IRCTC ने कई अहम मुकाम हासिल किए। इस दौरान कंपनी ने शेड्यूल A में जगह बनाई और उसे नवरत्न का दर्जा भी मिला।
साथ ही, कंपनी ने रिकॉर्ड 5,215 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे ज्यादा राजस्व दर्ज किया। इसमें पर्यटन से अकेले 890 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व आया।
जैन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित किचन मॉनिटरिंग, ट्रेनों में खाने की ऑनलाइन प्री-बुकिंग और ई-टिकटिंग प्लेटफॉर्म में सुधार जैसे कई नए प्रयोगों को बढ़ावा दिया। मंत्रालय जल्द ही उनके उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान करेगा।