सैमसंग-SK हाईनिक्स ने KEPCO के प्रस्ताव को क्यों ठुकराया?
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और SK हाईनिक्स ने कोरिया इलेक्ट्रिक पावर कॉर्प (KEPCO) के 18.7 अरब डॉलर (करीब 1,800 अरब रुपये) के बड़े अग्रिम भुगतान के प्रस्ताव को हाल ही में ठुकरा दिया है।
KEPCO चाहती थी कि यह पैसा दक्षिण कोरिया में बनने वाले सेमीकंडक्टर मेगा क्लस्टर के लिए नया बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में लगे, लेकिन दोनों कंपनियों को यह फैसला जोखिम भरा लगा क्योंकि चिप की डिमांड कब बढ़ेगी या घटेगी? यह कहना मुश्किल है और इसकी लागत भी बहुत ज्यादा है।
बिजली के अपग्रेड के लिए मांगा था अग्रिम भुगतान
KEPCO चाहती थी कि ये बड़ी चिप बनाने वाली कंपनियां भविष्य के बिजली बिलों का पहले ही भुगतान कर दें। इस पैसे से बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड किए जाने थे, जो बिजली की बहुत ज्यादा खपत करने वाले सेमीकंडक्टर प्लांट के लिए बहुत जरूरी हैं, लेकिन चिप की मांग अभी अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सैमसंग और SK हाईनिक्स इतनी बड़ी रकम का अग्रिम भुगतान करने को तैयार नहीं थे।
उनके इस इनकार से साफ पता चलता है कि जब भविष्य इतना अनिश्चित दिख रहा हो तो दक्षिण कोरिया के सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए विकास की योजना बनाना और उसके लिए भुगतान करना कितना मुश्किल हो रहा है।