सैमसंग ने AI चिप निर्माता यूक्लिड में किया 23.1 करोड़ डॉलर का निवेश
टेक दिग्गज सैमसंग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप बनाने वाली कंपनी यूक्लिड में 23.10 करोड़ डॉलर (लगभग 2,100 करोड़ रुपये) का बड़ा निवेश किया है।
इस फंडिंग राउंड में सैमसंग ने सोमर्सेट कैपिटल पार्टनर्स और इनोवेशन इंडस्ट्रीज के साथ मिलकर अगुवाई की है। इनके अलावा, EQT-मैनेज्ड स्केलअप यूरोप फंड जैसे कुछ और बड़े निवेशकों ने भी इसमें अपना पैसा लगाया है।
यूक्लिड की सर्वर रैक बेचने की योजना
यूक्लिड आम ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) नहीं बना रही है, बल्कि यह कंपनी AI से जुड़े कामों के लिए खास तरह की चिप डिजाइन कर रही है।
इन चिप्स का मुख्य मकसद डाटा सेंटर्स को ज्यादा ऊर्जा कुशल और किफायती बनाना है। यूक्लिड की योजना है कि वह सुरक्षित सर्वर रैक बेचेगी और अपनी चिप टेक्नोलॉजी का लाइसेंस भी देगी।
कंपनी का लक्ष्य है कि वह 2028 तक अपने उत्पाद लॉन्च कर दे और 2030 तक हजारों एंटरप्राइज ग्राहकों तक पहुंच सके।