कच्चे तेल की कीमतें करीब 91.50 डॉलर (करीब 8,600 रुपये) प्रति बैरल तक गिरने के बाद बुधवार (18 नवंबर) को रुपया लगातार तीसरे कारोबारी दिन मजबूती के साथ खुला।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 93.30 पर पहुंचा। शुरुआती कारोबार में रुपया 93.40 तक भी पहुंच गया। इस तरह केवल 3 सत्रों में यह 90 पैसे से ज्यादा मजबूत हुआ।
इस मजबूती के पीछे कई वजहें रहीं, जिनमें सस्ते कच्चे तेल, भारतीय शेयरों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की दोबारा बढ़ी दिलचस्पी, विदेशी और कस्टोडियन बैंकों की डॉलर की लगातार बिकवाली शामिल हैं।
रुपये का 91.50 तक पहुंचने का अनुमान
रुपये की यह मजबूती पिछले कई महीनों में सबसे ज्यादा है। जानकारों का कहना है कि अगर, कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह कम बनी रहती हैं तो रुपये की हालत और भी सुधर सकती है।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स के ट्रेजरी प्रमुख अनिल भंसाली का सुझाव है कि निर्यातकों को बेहतर रेट के लिए डॉलर बेचने से पहले थोड़ा इंतजार करना चाहिए।
दूसरी तरफ, आयातकों को मौजूदा हेजिंग विकल्पों का लाभ उठाना चाहिए। विश्लेषकों का मानना है कि इन मौजूदा हालातों को देखते हुए रुपये-डॉलर की जोड़ी कम समय में 91.50 के स्तर तक भी जा सकती है।