LOADING...
रुपये में आई बड़ी गिरावट, डॉलर के मुकाबले 95.32 पर खुला; क्या है वजह?
रुपये में आई बड़ी गिरावट

रुपये में आई बड़ी गिरावट, डॉलर के मुकाबले 95.32 पर खुला; क्या है वजह?

Jun 08, 2026
10:15 am

क्या है खबर?

भारतीय रुपया आज (8 जून) हफ्ते के पहले दिन डॉलर के मुकाबले गिरावट के साथ खुला है। पिछले कारोबारी सत्र में 94.95 प्रति डॉलर पर बंद होने के बाद रुपया सोमवार को 95.32 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। हाल के दिनों में RBI के कदमों से रुपये को कुछ मजबूती मिली थी, लेकिन वैश्विक घटनाक्रमों ने एक बार फिर दबाव बढ़ा दिया है। बाजार की नजर अब कच्चे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय हालात पर बनी हुई है।

#1

कच्चे तेल की तेजी बनी बड़ी वजह'

रुपये पर दबाव बढ़ने की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में उछाल है। सप्ताहांत में ब्रेंट क्रूड 3 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 96 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और संघर्ष से तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने पर विदेशी मुद्रा की मांग बढ़ती है। इसका सीधा असर रुपये की मजबूती पर पड़ता है।

#2

RBI ने उठाए कई सहायक कदम

रुपये को सहारा देने के लिए RBI ने हाल ही में कई उपायों की घोषणा की है। केंद्रीय बैंक ने ब्याज दरों को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखा और बैंकों व सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के लिए हेजिंग से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया। ये सुविधाएं 30 सितंबर तक उपलब्ध रहेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, केवल भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को ही विदेशी मुद्रा जमा योजनाओं के जरिए 34 अरब डॉलर से अधिक का निवेश मिलने की उम्मीद है।

Advertisement

#3

वैश्विक बाजारों की कमजोरी का भी असर

रुपये पर दबाव बढ़ाने में वैश्विक शेयर बाजारों की कमजोरी का भी योगदान रहा है। अमेरिकी तकनीकी शेयरों में बिकवाली के बाद नैस्डैक में 4 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसका असर एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला है। दक्षिण कोरिया का प्रमुख शेयर सूचकांक करीब 7 प्रतिशत तक गिर गया। निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता घटने से उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव बढ़ा, जिसका असर भारतीय रुपये पर भी दिखाई दिया।

Advertisement