AI की मदद से भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर स्मार्ट बनाने के लिए इनाम-निवेश पाने का मौका
रॉडिक कंसल्टेंट्स ने नैस्कॉम और स्टार्टअप इंडिया के साथ मिलकर 'रॉडिक इंफ्रा AI इनोवेशन चैलेंज 2026' की शुरुआत की है। अगर, आप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में रुचि रखते हैं और भारत में बेहतर सड़कें, ऊर्जा सिस्टम या फिर जलवायु-परिवर्तन से निपटने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में अपना योगदान देना चाहते हैं तो यह आपके लिए एक बड़ा मौका है।
यह चैलेंज नवंबर तक चलेगा। इसका मकसद सार्वजनिक सेवाओं को और ज्यादा स्मार्ट बनाने के लिए नए और बेहतरीन आइडिया ढूंढना है।
30 लाख रुपये तक का मिलेगा इनाम
इस चैलेंज में 30 लाख रुपये का कुल इनाम रखा गया है। अगर, आपका बनाया हुआ सॉल्यूशन पायलट टेस्टिंग के दौरान सबसे अच्छा साबित होता है तो आपको 3 से 5 करोड़ रुपये तक का माइनॉरिटी निवेश भी मिल सकता है।
चुने गए टीमों को इंजीनियरिंग सपोर्ट और मेंटरशिप मिलेगी। उन्हें सड़कों और हाईवे, बिजली वितरण, शहरी जल प्रबंधन और जलवायु-लचीलापन और सार्वजनिक सेवाओं जैसी असली प्रोजेक्ट्स पर अपने आइडिया आजमाने का मौका भी मिलेगा।
एक बाहरी मूल्यांकन पैनल आवेदनों को शॉर्टलिस्ट करेगा और अंतिम जूरी शीर्ष 3 विजेताओं का चुनाव करेगी। यह AI की मदद से बड़ा बदलाव लाने, अपनी पहचान बनाने और फंडिंग पाने का एक शानदार मौका है।