रेवोल्यूट को ऑस्ट्रेलिया में मिला पहला बैंकिंग लाइसेंस
यूनाइटेड किंगडम (UK) की फिनटेक कंपनी रेवोल्यूट को ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला एशिया-प्रशांत बैंकिंग लाइसेंस मिल गया है।
नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलने के बाद कंपनी अब ऑस्ट्रेलिया में पूरी बैंकिंग सेवाएं दे पाएगा। इनमें प्रति व्यक्ति 2.5 लाख ऑस्ट्रेलियन डॉलर (करीब 1.6 करोड़ रुपये) तक की सुरक्षित जमा राशि भी शामिल है। इस कंपनी को ट्रैवल कार्ड और आसानी से पैसे ट्रांसफर करने के लिए जाना जाता है।
ऑस्ट्रेलिया में करेगी करीब 2,700 करोड़ रुपये का निवेश
2020 में लॉन्च होने के बाद से रेवोल्यूट ने ऑस्ट्रेलिया में 10 लाख से ज्यादा यूजर जोड़े हैं और पेमेंट, निवेश, लोन और इंश्योरेंस के 30 से ज्यादा फीचर्स शुरू किए हैं। अब से कंपनी सेविंग्स अकाउंट और क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी शुरू कर देगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) निक स्टोर्न्स्की ने इसे वैश्विक बैंक बनने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बताया है।
इस विस्तार को बढ़ावा देने के लिए कंपनी अगले 5 सालों में ऑस्ट्रेलिया में अपने विकास के लिए करीब 40 करोड़ ऑस्ट्रेलियन डॉलर (करीब 2,700 करोड़ रुपये) का निवेश कर रही है। साथ ही, कंपनी दुनियाभर में और भी बड़े कदम उठाने की योजना बना रही है।