2027 से चेकबुक बदलने की वायरल जानकारी पर RBI ने दिया जवाब
बिज़नेस
पिछले कुछ दिनों से एक अफवाह फैल रही थी कि अगले साल 2027 से नई चेकबुक की जरूरत पड़ेगी, लेकिन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अब इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
केंद्रीय बैंक ने साफ किया है कि चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) वाली चेकबुक में 2027 में कोई बदलाव नहीं होगा। इसका मतलब है कि 31 दिसंबर के बाद भी आपको अपनी पुरानी चेकबुक बदलने की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
वायरल मैसेज को बताया भ्रामक
RBI ने ऐसे वायरल हो रहे मैसेज को गलत और भ्रामक करार दिया है। बैंक ने बताया है कि बैंकिंग से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल उसकी आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें।
इन अफवाहों को दूर करते हुए उसने साफ किया है कि चेक से जुड़े मौजूदा नियमों में कोई बदलाव नहीं हो रहा है, इसलिए लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है और वे केवल सही और आधिकारिक जानकारी पर ही ध्यान दें।