रिलायंस के शेयर की कीमत में आया 7 फीसदी उछाल, जानिए क्या रही है वजह
क्या है खबर?
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और जियो स्टूडियोज के अधिग्रहण से बाजार में सकारात्मक बदलाव के चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 7 फीसदी का उछाल आया है। सुबह के कारोबार में BSE पर कंपनी के शेयर की कीमत 7.11 फीसदी बढ़कर 1,489 रुपये हो गई, जिससे सालाना आधार पर नुकसान घटकर 8 फीसदी रह गया। भारतीय शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी में सत्र के दौरान लगभग 3 फीसदी की जोरदार बढ़त दर्ज हुई, जिसमें रिलायंस की अहम भूमिका रही है।
फायदा
व्यापार समझौते से होगा फायदा
इनवेसेट PMS के बिजनेस प्रमुख हर्षल दासानी ने कहा कि हालिया उछाल भारत-अमेरिका रणनीतिक जुड़ाव से जुड़े व्यापक बाजार पुनर्मूल्यांकन को दर्शाता प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि कंपनी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से लाभान्वित हो सकती है, जो ऊर्जा सहयोग, प्रौद्योगिकी साझेदारी और पूंजी प्रवाह के इर्द-गिर्द दीर्घकालिक दृष्टिकोण को मजबूत करता है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ 50 से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है।
अधिग्रहण
रिलायंस की सहायक कंपनी ने किया था अधिग्रहण
भारतीय शेयर बाजार में व्यापक तेजी और रिलायंस की सहायक कंपनी द्वारा सिखिया एंटरटेनमेंट के अधिग्रहण के चलते उसके शेयरों में यह वृद्धि हुई है। रिलायंस स्ट्रेटेजिक बिजनेस वेंचर्स ने 2 फरवरी को इसमें 50.1 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया। सिखिया भारत के सबसे विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त और पुरस्कार विजेता प्रोडक्शन हाउसों में से एक है। इस सौदे में प्राथमिक और द्वितीयक लेनदेन का संयोजन शामिल है, जिसके लिए कुल नकद राशि 150 करोड़ रुपये है।