रिलायंस का राजस्व 40 फीसदी बढ़ा, फिर भी शुद्ध लाभ में 25 फीसदी की गिरावट
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जून तिमाही के अपने वित्तीय आंकड़े जारी किए हैं। इनके मुताबिक, कंपनी का राजस्व पिछले साल के मुकाबले 40.65 फीसदी बढ़कर 1.63 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
हालांकि, इतनी जबरदस्त कमाई के बावजूद कंपनी के शुद्ध लाभ में 25.87 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है और यह 13,272 करोड़ रुपये रहा है।
इससे साफ पता चलता है कि भले ही बिक्री बढ़ी हो, लेकिन मुनाफा उस हिसाब से नहीं बढ़ पाया है।
प्रति शेयर आय में भी आई गिरावट
केवल मुनाफा ही नहीं कंपनी के दूसरे अहम वित्तीय संकेतकों पर भी गिरावट का असर देखने को मिला है। रिलायंस का ब्याज, टैक्स, मूल्य में गिरावट और ऋणमुक्ति से पहले की कमाई (EBITDA) 11.25 फीसदी कम हुई है। दूसरी तरफ, प्रति शेयर आय (EPS) भी पिछले साल के 13.23 रुपये से गिरकर इस तिमाही में 9.81 रुपये पर आ गई है। अगर, शेयर बाजार में कंपनी के प्रदर्शन की बात करें तो 28 जुलाई को इसका शेयर 1,267.70 रुपये पर बंद हुआ था। पिछले 6 महीनों और पूरे साल के दौरान शेयर लगातार नीचे की तरफ ही रहा है। इससे संकेत मिलता है कि राजस्व में बढ़ोतरी के बावजूद निवेशक कंपनी के प्रदर्शन से बहुत उत्साहित नहीं हैं।