60 दिन से ज्यादा नहीं अटकेंगे आपके पैसे, RBI का नया नियम
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कुछ बड़े बदलाव करने जा रहा है। अब बैंकों को संदिग्ध लेन-देन पर या कुछ खास स्थितियों में तो पूरे अकाउंट पर ही पैसा निकालने पर अस्थायी रोक लगानी पड़ सकती है।
हालांकि, यह रोक कुल 60 दिनों से ज्यादा नहीं रहेगी, जब तक कि कोई सक्षम अधिकारी इसे बढ़ाने का आदेश न दे।
सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही इस बात पर जोर दिया था कि संदिग्ध लेन-देन से निपटने के तरीके बेहतर और तेज होने चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक उनके पैसों से वंचित न रहना पड़े।
बैंक कर सकते हैं AI निगरानी सिस्टम का उपयोग
बैंक लेन-देन की निगरानी के लिए ऐसे सिस्टम का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन-लर्निंग जैसे टूल भी शामिल हो सकते हैं।
ये सिस्टम 1,000 रुपये या उससे ज्यादा के संदिग्ध लेन-देन को तुरंत पहचान लेंगे। बैंक आपको यह भी बताएगा कि यह रोक क्यों लगाई गई है और आपके पास रोक लगने की तारीख से 20 दिन का समय होगा अपनी सफाई या कोई सबूत पेश करने के लिए।
अगर, आप तय समय में जवाब देते हैं तो बैंक को 10 दिनों के अंदर मामले पर फैसला लेना होगा, वहीं आप कोई जवाब नहीं देते हैं तो बैंक को 30 दिनों का समय मिलेगा।
बैंक इस मामले को NCRP-CFCFRMS के जरिए उस इलाके की पुलिस अथॉरिटी के पास भेजेगा, जहां का मामला है।
इन नियमों का ड्राफ्ट 1 अप्रैल, 2027 से लागू हो सकता है, लेकिन बैंक चाहें तो इसे पहले भी शुरू कर सकते हैं। इन ड्राफ्ट नियमों पर आप 2 अक्टूबर तक अपनी राय या सुझाव दे सकते हैं।