RBI ने सरकार के खजाने में दिया 2.87 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड लाभांश
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को अब तक का सबसे बड़ा लाभांश दिया है, जिसकी रकम 2.87 लाख करोड़ रुपये है। RBI ने रुपये को स्थिर रखने और देश के मौद्रिक प्रवाह को संभालने के लिए जो कदम उठाए थे, उन्हीं की बदौलत इस बार उसकी कुल कमाई पिछले साल के मुकाबले 26 फीसदी ज्यादा हुई है।
RBI ने कमाए 1.69 लाख करोड़ रुपये
इस साल RBI की कमाई का एक बड़ा हिस्सा रुपये को मजबूत करने से आया है। दरअसल, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 10 फीसदी गिर गया था, जिसे संभालने के लिए केंद्रीय बैंक ने विदेशी मुद्रा बेची।
195 अरब डॉलर (करीब 18,000 रुपये) की विदेशी मुद्रा बेचकर RBI ने एक्सचेंज गेन के तौर पर 1.69 लाख करोड़ रुपये कमाए, जो पिछले साल से 52 फीसदी ज्यादा है।
इसके अलावा, सरकारी और विदेशी प्रतिभूतियों पर मिले ब्याज से 2.26 लाख करोड़ रुपये प्राप्त हुए और विदेशी जमा पर ब्याज से अलग से 27,407 करोड़ रुपये आए।
खर्चों की बात करें तो बैंक ने 1.09 लाख करोड़ रुपये अलग से रखे हैं। यह पैसा उन संपत्तियों के नुकसान को भरने के लिए है, जिनकी कीमत गिर गई थी और उन फॉरवर्ड कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए भी जो रुपये को बचाने की रणनीति में इस्तेमाल हुए थे।