भारतीय रिजर्व बैंक 2023 के बाद पहली बार बढ़ा सकता है ब्याज दर
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक इस सप्ताह हो रही है। सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या इस बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी होगी? अगर, ऐसा होता है तो 2023 के बाद यह पहली बढ़ोतरी होगी।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि दरें 0.25 फीसदी यानि 25 बेसिस पॉइंट्स बढ़ाई जा सकती हैं। पिछले साल बड़ी कटौती के बाद ब्याज दरें 5.25 फीसदी पर स्थिर थीं। इस पर अंतिम फैसला 7 अक्टूबर को आने की उम्मीद है।
6.5 फीसदी से ऊपर जा सकती है महंगाई
महंगाई लगातार बढ़ रही है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें भी काफी ऊंची हैं। इस समय ब्रेंट क्रूड ऑयल 100 डॉलर (करीब 9,500 रुपये) प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है।
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, जल्द ही महंगाई दर 6.5 फीसदी का आंकड़ा पार कर सकती है। इससे RBI पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव और बढ़ गया है।
इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व भी लगातार दरें बढ़ा रहा है, वहीं थोक मूल्य सूचकांक (WPI) और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में भी महंगाई का असर साफ दिख रहा है। ऐसे में इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।