RBI ने करीब 1,150 अरब रुपये के सोना बेचने वाली खबरों को बताया गलत
क्या है खबर?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साफ कहा है कि उसने अपने सोने के भंडार का कोई हिस्सा नहीं बेचा है। बैंक ने उन मीडिया रिपोर्टों को गलत बताया, जिनमें दावा किया गया था कि RBI ने अरबों डॉलर का सोना बेच दिया है। RBI के अनुसार, उसके पास मौजूद सोने का कुल भौतिक भंडार अभी भी 880.52 टन पर स्थिर है। बैंक ने कहा कि सोने से जुड़ी सभी जानकारी नियमित रूप से आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाती है।
सफाई
मीडिया रिपोर्ट के बाद जारी की सफाई
RBI की यह प्रतिक्रिया उन खबरों के बाद आई है, जिनमें दावा किया गया था कि 22 मई, 2026 को समाप्त दो सप्ताह की अवधि में केंद्रीय बैंक ने लगभग 12 अरब डॉलर (लगभग 1,150 अरब रुपये) मूल्य का सोना बेचा। रिपोर्ट में कहा गया था कि यह कदम विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने और रुपये पर बढ़ते दबाव से निपटने के लिए उठाया गया। हालांकि, RBI ने स्पष्ट किया कि ऐसी खबरें सही नहीं हैं।
हिस्सा
सोने का हिस्सा लगातार बढ़ा
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी घटने के बजाय बढ़ी है। सितंबर, 2025 के अंत में कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी 13.92 प्रतिशत थी, जो 31 मार्च, 2026 तक बढ़कर 16.70 प्रतिशत हो गई। वहीं 22 मई, 2026 तक यह आंकड़ा और बढ़कर 16.85 प्रतिशत पहुंच गया। RBI का कहना है कि यह डाटा साफ दिखाता है कि सोने की हिस्सेदारी लगातार मजबूत हुई है।
सलाह
आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह
RBI ने लोगों से अपील की है कि वे रिजर्व प्रबंधन से जुड़ी अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। बैंक ने कहा कि सोने के भंडार और विदेशी मुद्रा भंडार से संबंधित सभी जानकारी उसके मासिक बुलेटिन और अन्य आधिकारिक प्रकाशनों में उपलब्ध कराई जाती है। मई के अंत तक भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 686 अरब डॉलर से 703 अरब डॉलर के बीच रहा, जबकि विदेशी मुद्रा संपत्तियां 550 अरब डॉलर से ऊपर बनी हुई थी।