Loading...
क्वालकॉम ने भारत में शुरू की छंटनी, 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी
क्वालकॉम ने भारत में शुरू की छंटनी

क्वालकॉम ने भारत में शुरू की छंटनी, 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी

Nov 11, 2026
11:13 am

क्या है खबर?

अमेरिकी चिप कंपनी क्वालकॉम ने भारत में कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। द फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले से देश में करीब 1,000 या उससे ज्यादा लोगों की नौकरी जा सकती है। छंटनी का पहला दौर सोमवार को बेंगलुरु स्थित कंपनी के कार्यालय में शुरू हुआ। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अलग-अलग विभागों में चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को नौकरी से हटाया जाएगा।

वजह

क्यों छंटनी कर रही कंपनी?

क्वालकॉम दुनियाभर में अपने कामकाज और कर्मचारियों की संख्या में बदलाव कर रही है।

कंपनी के CEO क्रिस्टियानो अमोन ने अक्टूबर में कर्मचारियों को भेजे मैसेज में कहा था कि बेहतर प्रदर्शन के लिए सही पदों पर सही लोगों का होना जरूरी है। इसी प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों की संख्या घटाई जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के करीब 52,000 कर्मचारियों में से 7 फीसदी तक इस फैसले से प्रभावित हो सकते हैं।

मुआवजा

प्रभावित कर्मचारियों को कितना मिलेगा मुआवजा?

रिपोर्ट के अनुसार, नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को उनके कंपनी में काम करने के समय के आधार पर 3 महीने के वेतन के बराबर मुआवजा दिया गया है।

इसके अलावा, जिन कर्मचारियों ने 3 दिनों के भीतर नौकरी छोड़ने से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए, उन्हें एक महीने का अतिरिक्त वेतन भी दिया गया।

हालांकि, छंटनी का अगला दौर कब और किन विभागों में होगा, इसे लेकर कंपनी ने कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

ADVERTISEMENT

छंटनी

जनवरी में छंटनी का अगला दौर संभव

क्वालकॉम के भारत में करीब 20,000 कर्मचारी हैं।

इसी अनुपात के आधार पर यहां 1,000 या उससे अधिक लोगों की नौकरी जाने का अनुमान लगाया गया है। विश्लेषकों के मुताबिक, जनवरी में छंटनी का एक और दौर हो सकता है। वहीं, अमेरिका के कैलिफोर्निया में भी कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी वहां छंटनी से जुड़े कानूनी नोटिस दाखिल कर सकती है। हालांकि, प्रभावित कर्मचारियों की संख्या अभी साफ नहीं है।

ADVERTISEMENT

कारोबार

डाटा सेंटर कारोबार बढ़ाने पर कंपनी का जोर

क्वालकॉम ने भारत में छंटनी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

कंपनी ने हाल में प्रति शेयर 2.17 डॉलर की कमाई दर्ज की, जबकि उसका राजस्व 10.44 अरब डॉलर रहा। अब कंपनी स्मार्टफोन के अलावा डाटा सेंटर और दूसरे क्षेत्रों में कारोबार बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

उसे उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 तक गैर-स्मार्टफोन कारोबार उसकी चिप बिक्री का बड़ा हिस्सा बन जाएगा।

ADVERTISEMENT