17 साल की उम्र में प्रांजली अवस्थी ने खड़ा किया 100 करोड़ रुपये का AI स्टार्टअप
17 साल की प्रांजली अवस्थी इन दिनों अपने स्टार्टअप डेल्व डॉट AI को लेकर खूब चर्चा में हैं। उन्होंने इस कंपनी की शुरुआत तब की थी, जब वह सिर्फ 16 साल की थीं और आज इसकी कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
भारत में जन्मीं और फ्लोरिडा में पली-बढ़ीं प्रांजली को उनके इंजीनियर पिता की प्रेरणा से 7 साल की उम्र में ही कोडिंग से जुड़ाव महसूस होने लगा।
13 साल की होते-होते उन्होंने मशीन लर्निंग में इंटर्नशिप भी कर ली थी। यहीं उन्होंने करीब से देखा कि शोधकर्ताओं के लिए इंटरनेट पर मौजूद भारी मात्रा में डाटा को संभालना कितना मुश्किल भरा काम होता है।
मियामी एक्सेलेरेटर के बाद जुटाई फंडिंग
डेल्व डॉट AI एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो शोधकर्ताओं के लिए इंटरनेट से जानकारी ढूंढना और उसे सलीके से व्यवस्थित करना बेहद आसान बना देता है।
मियामी के एक एक्सेलेरेटर प्रोग्राम में शामिल होने के बाद प्रांजली ने ऑन डेक और विलेज ग्लोबल जैसे बड़े निवेशकों से 4.5 लाख डॉलर (करीब 3.7 करोड़ रुपये) की फंडिंग जुटाई। इसके बाद से कंपनी ने बहुत तेजी से तरक्की की है और आज अपने काम और उसके असर से लोकप्रिय हो गई है।