आर्थिक रिश्ते मजबूत करने 24 अगस्त को 200 से ज्यादा सदस्यों के साथ जापान जाएंगे पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 24 से 27 अगस्त तक जापान के दौरे पर जा रहे हैं। उनके साथ 200 से ज्यादा भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधियों का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा।
इस दल में मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर्स, क्लीन एनर्जी, ऑटोमोटिव, स्टील और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इस दौरे का मुख्य लक्ष्य भारत और जापान के बीच व्यापार और निवेश को मजबूत करना है, जो उनकी विशेष सामरिक और वैश्विक भागीदारी का एक अहम हिस्सा है।
एडवांस तकनीक पर रहेगा खास जोर
यह दौरा टोक्यो, नागोया और ओसाका शहरों में होगा। इसमें सेमीकंडक्टर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्टार्टअप्स जैसी एडवांस तकनीकों पर खास ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही, उन क्षेत्रों को भी मजबूत किया जाएगा, जो 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण हैं।
गोयल जापान के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, बिजनेस रोडशो में हिस्सा लेंगे और क्लीन एनर्जी से लेकर कंज्यूमर मार्केट्स तक कई क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर बातचीत करेंगे।