बीमा-वित्त में निवेश बढ़ाने के लिए पीयूष गोयल ने दिग्गज कंपनियों के साथ की बैठक
भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में न्यूयॉर्क में कई बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इनमें IBM, मेटलाइफ, AIA ग्रुप और जनरल अटलांटिक जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल थीं।
इन बैठकों का मुख्य मकसद भारत के बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्रों में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना था। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम कंप्यूटिंग और दूसरी अत्याधुनिक तकनीकों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी बात हुई।
गोयल ने बताई बीमा की बढ़ती मांग
गोयल ने बातचीत के दौरान बताया कि भारत में बीमा की मांग लगातार बढ़ रही है। इसकी एक बड़ी वजह सरकार के व्यापक नियामक सुधार और '2047 तक सभी के लिए बीमा' का राष्ट्रीय लक्ष्य है।
उन्होंने IBM जैसी कंपनियों के साथ AI, क्लाउड और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के तरीकों पर भी बात की। इन मुलाकातों से साफ होता है कि भारत अमेरिकी कंपनियों के साथ मिलकर नवाचार और आर्थिक तरक्की को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह गंभीर है।