AI के कारण ओरेकल में बड़े स्तर पर छंटनी की तैयारी, इतने लोगों की जाएगी नौकरी
क्या है खबर?
अमेरिका की टेक कंपनी ओरेकल बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी हजारों नौकरियां खत्म करने की योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि यह कदम कंपनी के कई डिवीजन को प्रभावित कर सकता है। छंटनी की प्रक्रिया इसी महीने से शुरू हो सकती है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन अंदरूनी स्तर पर इसकी योजना पर काम चल रहा है।
वजह
AI डाटा सेंटर के बढ़ते खर्च वजह
रिपोर्ट के अनुसार, ओरेकल यह कदम बढ़ते खर्च को संतुलित करने के लिए उठा रही है। कंपनी तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर बनाने में निवेश कर रही है, जिससे कैश फ्लो पर दबाव बढ़ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले कुछ वर्षों में क्लाउड और डाटा सेंटर पर भारी खर्च होने वाला है। कंपनी का अनुमान है कि इन निवेशों का असली फायदा 2030 के आसपास दिखना शुरू होगा।
उम्मीद
कुछ नौकरियों की जरूरत कम होने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, इस बड़े स्तर की छंटनी का असर कंपनी के कई विभागों पर पड़ सकता है। खास तौर पर उन जॉब कैटेगरी में कटौती हो सकती है जिनकी जरूरत AI तकनीक के कारण कम हो सकती है। इसके अलावा, कंपनी अपने क्लाउड डिवीजन में नई भर्ती की प्रक्रिया की भी समीक्षा कर रही है। कई जगहों पर नई जॉब लिस्टिंग को धीमा या अस्थायी रूप से रोकने की भी योजना बनाई जा रही है।
कोशिश
AI रेस में आगे बढ़ने की कोशिश
ओरेकल पिछले कुछ वर्षों से अपने क्लाउड कारोबार और AI टेक्नोलॉजी पर तेजी से काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसे बड़े क्लाउड प्रदाताओं को टक्कर देना है। इसी दिशा में वह बड़े डाटा सेंटर बना रही है, ताकि AI वर्कलोड को संभाला जा सके। हालांकि, इन परियोजनाओं पर भारी खर्च के कारण कंपनी को फिलहाल अपने खर्च और कर्मचारियों की संख्या में संतुलन बनाने की जरूरत पड़ रही है।