एनवीडिया 26 अगस्त को जारी करेगी तिमाही के कमाई आंकड़े
इस बुधवार (26 अगस्त) को अमेरिकी बाजार बंद होने के बाद एनवीडिया अपनी वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही की कमाई रिपोर्ट जारी करेगी। इसे लेकर वॉल स्ट्रीट में खूब हलचल मची है।
विश्लेषकों का अनुमान है कि कंपनी को 92.16 अरब डॉलर (करीब 8,755 अरब रुपये) का राजस्व मिलेगा, जो पिछले साल के आंकड़ों से लगभग दोगुना है।
राजस्व में यह बड़ी बढ़ोतरी एनवीडिया के डाटा सेंटर बिजनेस में आई तेजी की वजह से हुई है। दरअसल, उसके ब्लैकवेल चिप्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नेटवर्किंग गियर की मांग बहुत बढ़ गई है, जिससे कंपनी को काफी फायदा हुआ है।
वेरा रूबिन से शेयरों में आ सकता है उछाल
एनवीडिया के अगली जनरेशन के वेरा रूबिन प्लेटफॉर्म से जुड़ी हर खबर पर सबकी पैनी नजर है। ऐसा हो सकता है कि यह प्लेटफॉर्म उम्मीद से पहले ही लॉन्च हो जाए।
इसकी घोषणा होते ही कंपनी के शेयरों में करीब 6 फीसदी का बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, यहां कुछ मुश्किलें भी हैं। मेमोरी चिप्स की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और यह सवाल भी उठ रहा है कि AI पर खर्च करने की यह होड़ आखिर कब तक चलेगी?