एनस्केल IPO से पहले जुटाएगा 3.5 अरब डॉलर, एनवीडिया भी लगाएगी दांव
2024 में शुरू हुआ ब्रिटेन का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर स्टार्टअप एनस्केल इस महीने अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) से ठीक पहले 3.5 अरब डॉलर (लगभग 330 अरब रुपये) जुटाने की तैयारी में है।
कंपनी की योजना के मुताबिक, इसमें से 1.5 अरब डॉलर (लगभग 140 अरब रुपये) कंवर्टिबल नोट्स के जरिए आएंगे। ये ऐसे लोन होते हैं, जो बाद में कंपनी के शेयरों में बदले जा सकते हैं। बाकी 2 अरब डॉलर (लगभग 190 अरब रुपये) दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया से मिलने की उम्मीद है।
सीरीज B फंडिंग से जुटाए 1.1 अरब डॉलर
एनस्केल की इस बड़ी कामयाबी के पीछे भारी निवेशों का अहम योगदान रहा है। इसी साल कंपनी ने 1.1 अरब डॉलर (लगभग 100 अरब रुपये) का एक रिकॉर्ड तोड़ सीरीज B फंडिंग राउंड पूरा किया था।
इस राउंड में एकर ने अगुवाई की थी, जिसमें एनवीडिया भी शामिल हुआ। इसे यूरोप के इतिहास का सबसे बड़ा सीरीज B राउंड बताया गया था।
इससे पहले, 2024 के आखिर में भी कंपनी ने 15.50 करोड़ डॉलर (लगभग 1,470 करोड़ रुपये) जुटाए थे। एनस्केल ने एंथ्रोपिक के साथ 45 अरब डॉलर (लगभग 4,275 अरब रुपये) का एक बहुत बड़ा सौदा भी पक्का किया है।
'द इंफॉर्मेशन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने ग्राहकों के साथ हुए लीज समझौतों के आधार पर 103 अरब डॉलर (लगभग 9,785 अरब रुपये) के राजस्व का अनुमान लगाया है।