NSE दाखिल करेगी 15-16 जून को SEBI में IPO का आवेदन
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) अब जल्द ही भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के दस्तावेज जमा करने की तैयारी में है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कागजात 15 या 16 जून को दाखिल किए जा सकते हैं। NSE के लिए यह एक बड़ा कदम है क्योंकि यह कई सालों के इंतजार के बाद शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने जा रहा है।
NSE के बोर्ड ने पिछले साल फरवरी में ही इस IPO को मंजूरी दे दी थी और इस साल की शुरुआत में SEBI ने भी इसे हरी झंडी दिखा दी है, जिसके बाद अब निर्गम का रास्ता साफ हो गया है।
मूल्यांकन 5 लाख करोड़ से ज्यादा
यह IPO करीब 10 सालों से रुका हुआ था, जिसकी मुख्य वजह कानूनी अड़चनें रही हैं। अब जब सभी अड़चनें दूर हो गई हैं तो यह भारत के सबसे बड़े IPO में से एक होगा।
NSE का मूल्यांकन 5 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। इसके पास कई बड़े शेयरधारक हैं। इनमें भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का सबसे बड़ा हिस्सा है, जो करीब 10.72 फीसदी है।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) जैसे बड़े बैंक भी इसके शेयरधारक हैं। इसके अलावा, टेमासेक की कंपनी अरांडा इन्वेस्टमेंट्स और कनाडा पेंशन प्लान इंवेस्टमेंट बोर्ड जैसे बड़े विदेशी निवेशक भी इसमें शामिल हैं। भारत के शेयर बाजार के लिए यह IPO एक बहुत बड़ा और अहम मोड़ साबित होगा।