NSE के शेयरों का आज हो सकता है आवंटन, ऐसे चेक कर सकते हैं स्टेटस
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) का आवंटन मंगलवार (22 सितंबर) को फाइनल किए जाने की उम्मीद है।
यह IPO 5.71 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ है, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता दिखाता है।
खुदरा निवेशकों से लेकर बड़े संस्थानों तक सभी ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) ने सबसे आगे रहते हुए 12.68 गुना बोली लगाई है।
24 सितंबर को होगी लिस्टिंग
NSE का यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) था। इसके शेयर 24 सितंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होने वाले हैं।
ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के संकेत बता रहे हैं कि इसकी लिस्टिंग प्राइस करीब 1,850 रुपये प्रति शेयर रह सकती है, जो इसके प्राइस बैंड के ऊपरी सिरे से लगभग 4 फीसदी ज्यादा होगी।
अगर, आपने भी इस IPO के लिए आवेदन किया था तो आप अपना आवंटन स्टेटस MUFG इंटाइम इंडिया या BSE की वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपने पैन नंबर या आवेदन संख्या का इस्तेमाल करना होगा।