अमेरिकी अर्थशास्त्री नूरियल रूबिनी ने AI को लेकर दी चेतावनी
प्रसिद्ध तुर्की-अमेरिकी अर्थशास्त्री और लेखक नूरियल रूबिनी ने एक नई चेतावनी दी है। उनका कहना है कि आने वाले कुछ दशकों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोट्स बहुत सारी नौकरियां खत्म कर सकते हैं।
उन्होंने ब्लूमबर्ग टीवी से बातचीत में कहा कि सिर्फ रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने से उन समस्याओं का समाधान नहीं होगा। इसके बजाय, रूबिनी सोचते हैं कि जैसे-जैसे ऑटोमेशन की रफ्तार बढ़ेगी सरकारों को लोगों की मदद के लिए यूनिवर्सल बेसिक इनकम (UBI) जैसे विकल्पों पर गौर करना चाहिए।
सरकारी हिस्सेदारी का दिया प्रस्ताव
रूबिनी मानते हैं कि AI जल्द ही आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) का रूप ले लेगा, यानि और भी ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा।
इससे दुनियाभर में आर्थिक विकास को बहुत तेजी मिलेगी, लेकिन इसका फायदा सिर्फ कुछ बड़ी तकनीकी कंपनियों या गिने-चुने अमीर लोगों तक ही सीमित न रहे।
इसके लिए वे अमीरों पर टैक्स लगाने या बड़ी तकनीकी कंपनियों में सरकार की हिस्सेदारी रखने का सुझाव देते हैं। उन्होंने OpenAI के उस प्रस्ताव का भी जिक्र किया, जिसमें सरकार को 5 फीसदी हिस्सेदारी देने की बात कही गई थी। इसे वे मुनाफे को ज्यादा बराबरी से बांटने की दिशा में एक अच्छा कदम मानते हैं।