नॉर्वे के सॉवरेन वेल्थ फंड ने स्पेस-X में किया निवेश
नॉर्वे के सॉवरेन वेल्थ फंड ने स्पेस-X में पहली बार निवेश किया है। लगभग 2,300 अरब डॉलर (करीब 2.1 लाख अरब रुपये) की भारी भरकम संपत्ति वाले फंड ने एलन मस्क की कंपनी में 0.05 फीसदी की हिस्सेदारी खरीदी है, जिसकी कीमत 1.22 अरब डॉलर (करीब 115 अरब रुपये) आंकी गई है। मंगलवार को जारी फंड की नवीनतम होल्डिंग्स रिपोर्ट में इस निवेश का खुलासा हुआ।
1.5 फीसदी सूचीबद्ध कंपनियों में हिस्सेदारी
यह नॉर्वेजियन फंड अपने देश के तेल और गैस उत्पादन से होने वाले राजस्व को निवेश करने के लिए जाना जाता है। यह दुनियाभर की करीब 1.5 फीसदी सूचीबद्ध कंपनियों में हिस्सेदारी रखता है और एनवीडिया, ऐपल, अल्फाबेट, माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी तकनीकी दिग्गज कंपनियों में भी इसके शेयर हैं।
हालांकि, स्पेस-X में किया गया यह नया निवेश थोड़ा अलग है। यह एक निजी कंपनी में लगाया गया दांव है, जहां मस्क के पास अभी भी 80 फीसदी से अधिक वोटिंग अधिकार हैं।