LOADING...
कल मिल सकती है नए आयकर विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी- रिपोर्ट
कल मिल सकती है नए आयकर विधेयक को मंजूरी

कल मिल सकती है नए आयकर विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी- रिपोर्ट

Feb 06, 2025
01:06 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय कैबिनेट नए आयकर विधेयक को कल (7 फरवरी) मंजूरी दे सकती है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, इस बिल को 10 फरवरी को लोकसभा में पेश किया जा सकता है। यह विधेयक 1961 के पुराने आयकर अधिनियम को बदलने के लिए लाया जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में इसकी घोषणा की थी। नए कानून का उद्देश्य कर प्रणाली को पहले से अधिक सरल बनाना है, ताकि आम लोग इसे आसानी से समझ सकें।

विधेयक

नया आयकर विधेयक क्यों लाया जा रहा है?

नया विधेयक कर प्रणाली को आसान और अधिक समझने योग्य बनाने के लिए लाया जा रहा है। इससे टैक्स भरने की प्रक्रिया को सरल किया जाएगा और करदाताओं को कम दिक्कत होगी। माना जा रहा है कि नया कानून 60 प्रतिशत तक जटिलता को कम करेगा। सरकार इसे पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने पर जोर दे रही है, जिससे लोगों को बिना किसी उलझन के टैक्स भरें। यह न केवल आम लोगों बल्कि व्यापारियों के लिए भी मददगार साबित होगा।

 कानून 

नए कानून से क्या बदलाव होंगे?

वित्त मंत्री के अनुसार, नया विधेयक मौजूदा आयकर कानून की तुलना में छोटा और अधिक स्पष्ट भी होगा। केंद्र सरकार 'पहले विश्वास करो, बाद में जांच करो' की नीति को अपनाकर टैक्स नियमों को सरल बनाना चाहती है। इस विधेयक से कानूनी विवाद भी कम होंगे और कर अनुपालन की प्रक्रिया ज्यादा सुगम बनेगी। यह नया कानून देश की कर प्रणाली को पहले से अधिक प्रभावी बनाएगा और करदाताओं का मनोबल बढ़ाएगा।